राज्योत्सव 2026 : 1 से 3 नवंबर तक भव्य आयोजन, 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

दिनेश दुबे 9425523689
छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 1 से 3 नवंबर 2026 तक रायपुर के अटल नगर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

रायपुर । प्रेस-वार्ता में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने राज्य अलंकरण से सम्मानित होने वाली विभूतियों की सूची भी सार्वजनिक की।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरव और विकास यात्रा का उत्सव है।

कौन होगा मुख्य अतिथि –
• 1 नवंबर, उद्घाटन समारोह : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री  मनसुख मांडविया • 2 नवंबर : छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल  रमेन डेका • 3 नवंबर, समापन समारोह : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह
समारोह में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, समस्त मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सितारों की झलक –

तीन दिवसीय राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे।
• प्रथम दिवस – प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुश्री पलक मुच्छल • द्वितीय दिवस – प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुश्री स्वस्ति मेहुल • समापन दिवस – प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य
इसके अलावा स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी प्रतिदिन होंगी। पहले दिन 9, दूसरे दिन 11 और समापन दिवस पर 10 विभिन्न विधाओं के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

*36 विभूतियों को राज्य अलंकरण*

इस वर्ष राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 36 विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 2 पुरस्कार पूर्व में प्रदान किए जा चुके हैं, जबकि 4 पुरस्कार योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण स्थगित कर दिए गए हैं।

मंत्री श्री अग्रवाल ने सभी सम्मानित विभूतियों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं, उपलब्धियों और समर्पित योगदान का राजकीय अभिनंदन है।

*समय में बदलाव – ध्यान दें*

3 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य अलंकरण समारोह का समय, जो पहले शाम 6 बजे निर्धारित था, अपरिहार्य कारणों से अब शाम 5 बजे कर दिया गया है। मंत्री ने मीडिया के माध्यम से सभी सम्मानित अतिथियों एवं आमंत्रित जनों से परिवर्तित समय का विशेष ध्यान रखने का अनुरोध किया।

अंत में मंत्री श्री अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, परंपरा और गौरवशाली विरासत के इस महापर्व को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने प्रदेशवासियों को आगामी दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा की भी अग्रिम बधाई दी।

Back to top button