रायगढ़ : ऑपरेशन आघात के तहत 26.484 किलो गांजा जब्त, उत्तर प्रदेश का तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से कार में लाई जा रही थी खेप, 16.24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 24 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत लैलूंगा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए 26.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आई-10 कार भी जब्त की है। जब्त गांजा और वाहन की कुल कीमत करीब 16.24 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ओडिशा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की आई-10 कार में गांजा भरकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के निर्देशन में उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार के नेतृत्व में कटकलिया-फोकटपारा तिराहे के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान कार से 13 पैकेटों में पैक 26.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपये आंकी गई। वहीं तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button