रायगढ़: पेपर लीक और बेरोजगारी पर भाजपा को घेरा, वसीम खान बोले- करोड़ों युवाओं के सपनों की जवाबदेही तय करे सरकार

रायगढ़, 24 जुलाई। जिला कांग्रेस रायगढ़ शहर के महामंत्री वसीम खान ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों, बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों की आवाज उठाकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं, इसलिए भाजपा उन पर व्यक्तिगत हमले कर रही है।

वसीम खान ने कहा कि देश में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और पेपर लीक जैसी घटनाएं करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर नीट-यूजी और यूजीसी-नेट जैसी परीक्षाओं को लेकर भी विवाद सामने आए, जिसके बाद छात्रों ने निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, दोषियों पर कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने संसद और संसद के बाहर लगातार इन मुद्दों को उठाया तथा छात्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

वसीम खान ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के सवालों का संतोषजनक जवाब देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि यदि संसद में भी छात्रों, बेरोजगारी और परीक्षा व्यवस्था पर चर्चा नहीं होती, तो विपक्ष का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से इन मुद्दों को उठाए।

उन्होंने दावा किया कि भर्ती में देरी, पेपर लीक और बढ़ती अनिश्चितता के कारण लाखों छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और युवाओं की चिंताओं का समाधान करने की मांग की।

वसीम खान ने भाजपा से सवाल किया कि हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने के वादे का क्या हुआ, लाखों रिक्त सरकारी पदों पर नियुक्तियां कब होंगी, पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं की जवाबदेही कौन लेगा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अब तक इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।

Back to top button