रायगढ़ के सिंदूर पार्क में छायाचित्र प्रदर्शनी, तिरंगे के साथ सेल्फी ले रहे नागरिक
रायगढ़, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में जनसंपर्क विभाग की ओर से तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू की गई है। 13 से 15 अगस्त तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ जैसे विषयों पर आधारित छायाचित्र और जानकारी प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और ऐतिहासिक घटनाओं से परिचित कराने के साथ राष्ट्रध्वज और देश के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।
सेल्फी बूथ बना युवाओं की पसंद
प्रदर्शनी स्थल पर बनाया गया ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां युवा और अन्य नागरिक तिरंगे के साथ तस्वीरें लेकर स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से जुड़ रहे हैं।
इसके अलावा परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। इसमें लोग देशभक्ति से जुड़े संदेश और नारे लिखकर राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त कर रहे हैं।
योजनाओं की भी मिल रही जानकारी
प्रदर्शनी को केवल ऐतिहासिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों से संबंधित सामग्री भी यहां उपलब्ध कराई जा रही है।
नागरिकों को ‘जनमन’ मासिक पत्रिका के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित ब्रोशर वितरित किए जा रहे हैं। इससे लोगों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है।
15 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुली
सिंदूर पार्क में आयोजित यह विशेष प्रदर्शनी 15 अगस्त तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्क पहुंचने वाले लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता संग्राम और देश के इतिहास से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी ले सकते हैं।











