रायगढ़ में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य विषयों पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम, तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर जोर

रायगढ़, 13 अगस्त 2026। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों और बच्चों में बढ़ रहे गैर-संचारी रोगों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ में पत्रकारों के लिए क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य संबंधी खबरों की तथ्यात्मक, जिम्मेदार और संवेदनशील रिपोर्टिंग के महत्व पर चर्चा की गई। आयोजन यूनिसेफ छत्तीसगढ़ और एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से हुआ, जिसमें रायगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों के पत्रकार शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। पत्रकारों को बच्चों में गैर-संचारी रोगों की शुरुआती पहचान, प्रमुख लक्षण, समय पर जांच और उपचार के साथ उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता में मीडिया की अहम भूमिका

विशेषज्ञों ने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका केवल खबर प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है। सही तथ्यों और संवेदनशील तरीके से रिपोर्टिंग करने पर लोगों को बीमारी के शुरुआती संकेतों को समझने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण बताई गई।

संवाद के दौरान सिकल सेल रोग की जांच और नियमित उपचार, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती संकेत, जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों को समय पर उच्च स्वास्थ्य केंद्र तक रेफर करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

टीकाकरण और पोषण पर भी चर्चा

कार्यक्रम में बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया की रोकथाम, सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और समुदाय के बीच बेहतर तालमेल से सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। इससे जागरूकता बढ़ने के साथ लोगों द्वारा समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग भी बढ़ सकता है।

पत्रकारों ने लिया जिम्मेदार रिपोर्टिंग का संकल्प

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विकासखंड स्तर की स्वास्थ्य टीम, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों से जुड़े सहभागी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के संचालन में यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह और एमसीसीआर ट्रस्ट के डॉ. डी. श्याम कुमार का विशेष सहयोग रहा।

समापन अवसर पर पत्रकारों ने माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर समुदाय को सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने की बात कही।

Back to top button