रायगढ़ के 41 गांवों में पहुंची नेत्र जांच सुविधा, 4 हजार ग्रामीणों की जांच; 1,939 लोगों को बांटे गए चश्मे
अदाणी फाउंडेशन की विज़न केयर पहल में 1,795 महिलाओं ने कराया आंखों का परीक्षण, 985 लोगों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया
रायगढ़, 3 सितंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन की ओर से संचालित विज़न केयर कार्यक्रम के तहत रायगढ़ जिले के 41 गांवों में निःशुल्क नेत्र जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब चार हजार ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई और जरूरत के अनुसार चश्मे वितरित किए गए।
15 जुलाई से 27 अगस्त तक चला अभियान
अदाणी पावर लिमिटेड, छोटे भंडार की सामाजिक विकास इकाई अदाणी फाउंडेशन ने विज़न केयर संस्था के सहयोग से यह अभियान 15 जुलाई से 27 अगस्त 2026 तक संचालित किया। अभियान के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ से पूर्व अनुमति ली गई थी।
ग्राम बरपाली से शुरू हुए शिविरों का आयोजन बड़े भंडार, छोटे भंडार, सरवानी, बुनगा, टपरदा, सूपा, कोटमरा, जतरी, काशीचुवा, कलमा, चंदली, रैबार, चिखली और उच्चभित्ति समेत कुल 41 गांवों में चरणबद्ध तरीके से किया गया।
2,205 पुरुष और 1,795 महिलाओं की हुई जांच
अभियान के दौरान कुल 4,000 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। इनमें 2,205 पुरुष और 1,795 महिलाएं शामिल रहीं। अभियान में वयस्कों और वरिष्ठ नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
जांच के बाद 1,939 लोगों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए, जिससे ग्रामीणों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
985 लोगों में सामने आई नेत्र संबंधी समस्या
शिविरों में जांच के दौरान 985 लोगों में मोतियाबिंद, रिफ्रैक्टिव एरर और अन्य आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान की गई। इन लोगों को विस्तृत जांच और आवश्यक उपचार के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ तथा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया है।
695 चश्मों की बुकिंग, 500 का वितरण
जुलाई और अगस्त के दौरान जरूरत के आधार पर 695 चश्मों की बुकिंग की गई थी। इनमें से 500 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष 195 चश्मों का वितरण सितंबर के अंत तक पूरा किए जाने की जानकारी दी गई है।
दूसरे वर्ष भी जारी रहा विज़न केयर अभियान
अदाणी फाउंडेशन के वार्षिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विज़न केयर पहल का यह दूसरा वर्ष है। पिछले वर्ष अभियान के जरिए करीब 2,000 ग्रामीणों और 2,000 स्कूली विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया गया था।
इस वर्ष कार्यक्रम को विशेष रूप से ग्रामीण समुदाय पर केंद्रित किया गया और 41 गांवों के चार हजार लोगों तक नेत्र जांच सुविधा पहुंचाई गई। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को अभियान में प्राथमिकता दी गई।
ग्रामीणों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का मिला सहयोग
शिविरों के आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया। विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच और स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिविरों में मौजूद रहे और ग्रामीणों को नेत्र जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
76 वर्षीय किसान ने साझा किया अनुभव
ग्राम बरपाली के 76 वर्षीय किसान हरिराम भारती ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी आंखों की रोशनी कमजोर हो रही थी, जिससे खेती और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे थे। शिविर में जांच के दौरान समस्या का पता चला और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श मिला।
उन्होंने इस पहल को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार की जानकारी मिलने से उन्हें आगे इलाज की उम्मीद जगी है।
स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर
अदाणी फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विज़न केयर अभियान के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र जांच, परामर्श, चश्मा और जरूरतमंद लोगों को आगे के उपचार तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
ग्रामीण इलाकों में नियमित नेत्र जांच की सुविधा पहुंचने से खासकर बुजुर्गों और दृष्टि संबंधी परेशानी झेल रहे लोगों को समय रहते समस्या की पहचान और उपचार की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।












