
रायगढ़। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पहले ही दिन कई जगहों पर अनियमितताएं सामने आईं। सबसे प्रमुख कार्रवाई एसपी कार्यालय के पास स्थित हॉट चिप्स में की गई, जहां बार-बार इस्तेमाल किए जा रहे करीब 30 लीटर तेल को नष्ट कराया गया।
विभाग का यह अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
होटलों से पनीर और सब्जियों के नमूने लिए
अभियान के दौरान टीम ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित अपनी रसोई के पास निरीक्षण कर पनीर और मिक्स वेज के नमूने लिए। इसके बाद ईशान और साईं श्रद्धा होटल की जांच की गई। यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग नहीं रखने तथा पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने जैसी कमियां मिलीं। विभाग ने सुधार संबंधी नोटिस जारी करने की अनुशंसा की।
हॉट चिप्स में 30 लीटर तेल नष्ट कराया
एसपी कार्यालय के समीप स्थित हॉट चिप्स में खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। इस पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल फिंकवाया। प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पंजाबी भोजनालय और जलाराम नमकीन का निरीक्षण कर पानी की जांच रिपोर्ट तथा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बेकरी और डेयरी से मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे
जांच अभियान के दौरान पंजाब नेशनल होटल से चावल और दाल के नमूने लिए गए। जूटमिल स्थित आरबी बेकर्स से कुकीज और बिस्किट के सैंपल एकत्र किए गए।
वहीं, सुश्री होटल में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई। जूटमिल स्थित गणेश डेयरी में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की। यहां से बूंदी लड्डू, पनीर, पेड़ा और कलाकंद के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। डेयरी संचालक को भी सुधार नोटिस जारी किया गया।
खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत
खाद्य विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों में निर्धारित मात्रा के अनुसार ही रंगों का इस्तेमाल करने, स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य कारोबार के लिए अनिवार्य लाइसेंस और पंजीयन बनवाने की समझाइश दी गई है।
30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में जिले के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। अब जांच के लिए भेजे गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

