
रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान मीरा सोनवानी (57 वर्ष), निवासी ग्राम जतरी, थाना पुसौर के रूप में हुई है। वह मामले की मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मेनका सारथी गांव की महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देती थी। शुरुआत में कुछ निवेशकों को लाभ की राशि लौटाकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे निवेश किए।
70.77 लाख रुपये की ठगी का आरोप
शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच हारा बाई निषाद सहित अन्य महिलाओं से कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये निवेश के नाम पर लिए गए। पीड़ितों का आरोप है कि बाद में न तो उन्हें मुनाफे की रकम मिली और न ही मूलधन वापस किया गया।
बैंक खातों में मिले लेनदेन के साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मीरा सोनवानी के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। पुलिस ने इससे पहले मुख्य आरोपी मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मिनकेतन सिदार को गिरफ्तार किया था।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने ग्राम जतरी में दबिश देकर मीरा सोनवानी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से कम समय में रकम दोगुनी करने और असामान्य मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने आर्थिक धोखाधड़ी होने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी है।
मामले में पुलिस की जांच जारी है।

