रायगढ़: खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत, इलाके में फैली सनसनी

रायगढ़: धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ घर में लगी भीषण आग में फंसकर एक बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा है और ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

क्या है मामला?

मृतक मंगलूराम राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया, मूलतः घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव के निवासी थे। वे खेती-किसानी के सिलसिले में क्रोंधा गांव में बने अपने घर में रह रहे थे। मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से उनके घर में अचानक आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे बाहर नहीं निकल सके। बुधवार सुबह घटना का पता चलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने इसे प्राथमिकता पर लिया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया जा रहा है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रथम दृष्टया इसे संदिग्ध माना है और हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस फिलहाल किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के परिणाम ही इस हादसे या वारदात की हकीकत सामने लाएंगे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

Back to top button