रायगढ़: गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी भी मौजूद रहे।
गुरु पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
सत्यनारायण बाबा धाम को बताया आस्था का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेश के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा लोगों को आत्मिक शांति और सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
जनकल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, विकास केडिया, विवेक रंजन सिंह, पवन शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


