रायगढ़ : जमीन विवाद में 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले पर चाकू से हमला, चक्रधरनगर पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा
रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर धारदार चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में 77 वर्षीय मनधर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57) को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल बुजुर्ग की स्थिति अब सामान्य है।
दुर्गा पंडाल से प्रसाद लेने गए थे बुजुर्ग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई। ग्राम बड़े रेगड़ा निवासी मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया। हमले में उनके गले पर चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घायल के बेटे रामकुमार यादव ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है। दोनों के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते आरोपी ने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से बुजुर्ग के गले पर हमला किया।
हत्या के प्रयास के आरोप में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू जब्त किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी और पुलिस टीम की भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, घायल मनधर यादव की स्थिति सामान्य है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
