रायगढ़ : जलभराव रोकने मैदान में उतरे निगम आयुक्त, नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
संजय मार्केट, बड़पारा, गंधरी पुलिया और शांति लॉज क्षेत्र का किया निरीक्षण, स्थायी जल निकासी योजना बनाने पर जोर
रायगढ़। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संजय मार्केट, बड़पारा शराब दुकान क्षेत्र, गंधरी पुलिया और शांति लॉज परिसर में जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
नालों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण होने से जल प्रवाह प्रभावित होने की स्थिति सामने आई। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत सर्वे कर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील क्षेत्रों की होगी लगातार निगरानी
आयुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए नालों की नियमित सफाई और जल निकासी मार्गों को अवरोधमुक्त रखना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और कहीं भी जल निकासी में बाधा मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
गंधरी पुलिया के लिए बनेगी स्थायी योजना
निरीक्षण के दौरान गंधरी पुलिया का भी जायजा लिया गया। आयुक्त ने बताया कि तेज बारिश में पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए उन्होंने तकनीकी परीक्षण कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
शांति लॉज के पीछे नाले की सफाई की निगरानी
शांति लॉज के पीछे स्थित नाले की सफाई का निरीक्षण निगम आयुक्त ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर किया। मशीनों की सीमित पहुंच को देखते हुए छोटे पोकलेन की सहायता से सफाई कराई गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच सकतीं, वहां वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग कर समयबद्ध तरीके से सफाई कार्य पूरा किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति न बने और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


