रायगढ़ : दीपावली की रात हाथियों ने खेतों में मचाई तबाही, धान और टमाटर की फसल रौंदी
धरमजयगढ़ और लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कई गांवों में किसानों को नुकसान, जिले के दो वन मंडलों में विचरण कर रहे 136 हाथी
रायगढ़। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। दीपावली की रात जंगल से निकलकर हाथियों का दल खेतों में पहुंच गया और किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने कई स्थानों पर धान की फसल को पैरों से रौंद दिया। वहीं, लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कोड़माई गांव में धान के साथ टमाटर की फसल भी बर्बाद कर दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
ओंगना, कोयलार और दरीडीह में धान की फसल को नुकसान
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत ओंगना गांव में हाथियों ने करियारी अगरिया और चमार सिंह की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसी तरह कोयलार गांव में धनाराम और दरीडीह गांव में पुरनो प्रधान के खेतों में लगी फसल को हाथियों ने रौंद दिया।
कोड़माई में धान के साथ टमाटर की फसल भी बर्बाद
लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कोड़माई गांव में भी हाथियों के दल ने किसानों के खेतों को निशाना बनाया। यहां धान और टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों में बुधुराम, सुखरू, गोपाल, प्रेम कुमार भगत, गणेश, जयलाल, महेश सिंह और सुकराम शामिल हैं।
वन विभाग की टीम ने शुरू किया नुकसान का आकलन
खेतों में हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे देर रात तक खेतों में मौजूद रहे। सुबह वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन शुरू किया।
धरमजयगढ़ में 108 और रायगढ़ वन मंडल में 28 हाथी
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में धरमजयगढ़ वन मंडल में 108 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें 37 नर, 55 मादा और 16 शावक शामिल हैं। वहीं, रायगढ़ वन मंडल में 28 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें 10 नर, 10 मादा और 8 शावक हैं।
इस तरह दोनों वन मंडलों में कुल 136 हाथी मौजूद हैं, जिनमें 47 नर, 65 मादा और 24 शावक शामिल हैं। हाथियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण वनांचल के गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।























































