खरसिया बस स्टैंड चाकूबाजी मामला: हत्या के प्रयास का आरोपी फहीम अख्तर गिरफ्तार, नागपुर से लौटते ही पुलिस ने दबोचा
पूर्व रंजिश में युवक अजय राजपूत पर किया गया था चाकू से हमला, दूसरा आरोपी फैज खान अब भी फरार; गिरफ्तार आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे खरसिया में उस समय पकड़ा, जब वह नागपुर से लौटकर अपने घर जाने की फिराक में था। मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास हुई थी। यहां ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) को फोन कर मौके पर बुलाया।
अजय विवाद शांत कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पूर्व रंजिश को लेकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जब अजय जान बचाकर भागने लगा तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया और फैज खान ने धारदार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अजय को ईशान पेशवानी उपचार के लिए शासकीय अस्पताल खरसिया लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।
बिलासपुर से नागपुर भागे थे आरोपी
घटना के संबंध में ममता ठाकुर ने 31 अक्टूबर को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि फहीम अख्तर खरसिया पहुंचा है। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने फैज खान के साथ मिलकर अजय राजपूत से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों आरोपी बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद फहीम छिपते हुए खरसिया स्थित अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
फैज खान की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फहीम अख्तर पिता शकील अख्तर (23 वर्ष), निवासी हनुमान चौक खरसिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हत्या के प्रयास के प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, दूसरे आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।























































