रायगढ़ : दो चोरी के मामलों का खुलासा, दो आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाला व्यवसायी गिरफ्तार
सूने मकान और निर्माणाधीन भवन में हुई थी चोरी, गैस सिलेंडर, चांदी का पायल, तांबा तार और बाइक बरामद
रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी का गैस सिलेंडर, चांदी का पायल, तांबा तार तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
सूने मकान और निर्माणाधीन भवन को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, पहला मामला सुभाष नगर निवासी अभिमन्यु सागर के घर में चोरी का है। परिवार के बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, चांदी का पायल, सोने के आभूषण, किराना और अन्य सामान चोरी कर लिया था।
दूसरा मामला भवानी शंकर षडंगी कॉलोनी फेस-1 स्थित निर्माणाधीन मकान का है, जहां से कॉपर केबल, विद्युत पैनल, बोर्ड और अन्य बिजली सामग्री चोरी कर ली गई थी।
मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने कोतरारोड ओवरब्रिज के पास से विवेक सारथी और उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से दोनों चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
चोरी का सामान व्यवसायी को बेचा था
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए गैस सिलेंडर और निर्माणाधीन मकान से चोरी किए गए कॉपर केबल से निकला तांबा श्याम टॉकीज रोड स्थित अल्का स्टील के संचालक संजय कुमार नानकानी को बेच दिया था। पूछताछ में व्यवसायी द्वारा सामान खरीदने की बात स्वीकार करने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने चोरी का गैस सिलेंडर, जला हुआ तांबा तार, चांदी का पायल और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी ने दी चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के विरुद्ध भी समान रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त अपराध को बढ़ावा देती है और ऐसे लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


