रायगढ़ : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, गर्भवती होने पर शादी से किया इनकार

रायगढ़। जिले के खरसिया क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी छोटू राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोपी पर सितंबर 2024 से शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है।

घूमने के बहाने जंगल ले जाने का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 14 अक्टूबर 2026 को खरसिया पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सितंबर 2024 में उसकी पहचान खरसिया के अटल आवास क्षेत्र में रहने वाले छोटू राजपूत से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी।

पीड़िता के आरोप के मुताबिक, 22 सितंबर 2024 को आरोपी उसे घूमने के बहाने घर से ले गया और खरसिया के जंगल की ओर पहुंचा। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उससे मिलता रहा और शादी का आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।

गर्भवती होने पर शादी से इनकार

शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता को गर्भवती होने की जानकारी मिली, तो उसने आरोपी को बताया और शादी करने के लिए कहा। आरोप है कि आरोपी पहले टालमटोल करता रहा और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह लगभग चार महीने की गर्भवती है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और पीड़िता के बयान दर्ज कराए।

BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले में आगे की जांच जारी है।

Back to top button