रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ : दो बड़े जुआ फड़ों पर छापा, 29 जुआरी गिरफ्तार, 9 लाख रुपये नकद जब्त
खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ के तारापुर में एक साथ हुई कार्रवाई, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम ने दी दबिश
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत खरसिया और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में संचालित दो बड़े जुआ फड़ों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
रानीसागर में 19 जुआरी गिरफ्तार, 6.07 लाख रुपये जब्त
पुलिस को खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, दो गड्डी ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की। गिरफ्तार आरोपी खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ, 10 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में की गई। यहां एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी।
इस दौरान कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि 10 जुआरियों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम ने दोनों स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर एक साथ कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।























































