रायगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ तेज, 48 घंटे में 121 लीटर से ज्यादा शराब जब्त; शहर से गांव तक पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़, 23 अगस्त। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने पिछले 48 घंटों में व्यापक कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इन कार्रवाइयों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 121.250 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई में जूटमिल और कोतवाली क्षेत्र से अंग्रेजी शराब व बीयर, जबकि तमनार, छाल और घरघोड़ा से कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
जूटमिल में देशी शराब और बीयर बरामद
21 अगस्त को जूटमिल पुलिस टाउन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर काशीराम चौक स्थित हमर ढाबा के पीछे घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके से कृष्णा सारथी (20), निवासी गांधी नगर को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 180 एमएल की 25 बोतल देशी प्लेन शराब और झाड़ियों में छिपाकर रखी 5 बीयर की बोतलें मिलीं। कुल 7.750 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 3,050 रुपये बताई गई, जब्त की गई।
रेलवे स्टेशन के बाहर 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
कोतवाली पुलिस ने 21 अगस्त को रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास कार्रवाई की। यहां सुरिस्ठ सिंह (62), निवासी रांची को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, उसके अलग-अलग बैगों से विभिन्न ब्रांड की कुल 22.5 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 34 हजार रुपये बताई गई। शराब बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये भी जब्त किए गए।
तमनार में दो जगह कार्रवाई, 51 लीटर महुआ शराब मिली
तमनार पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 51 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।
मिलूपारा-खम्हरिया मार्ग पर कार्रवाई के दौरान संतकुमार यादव (43), निवासी लालपुर के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब मिली।
वहीं 22 अगस्त को टांगरघाट में परवन कुमार राठिया (28) के घर की कोलाबाड़ी में दबिश देकर 31 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम 200 रुपये जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
छाल में 14 लीटर हाथभट्ठी शराब पकड़ी
छाल पुलिस ने 21 अगस्त को ग्राम सारसमार में मेन रोड किनारे कार्रवाई करते हुए संजय कुमार साण्डेल (45) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14 लीटर हाथभट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये है।
घरघोड़ा में बाड़ी से 26 लीटर महुआ शराब बरामद
घरघोड़ा पुलिस ने 22 अगस्त को ग्राम बैहामुड़ा में लक्ष्मीनारायण सारथी (41) के घर की बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक जरीकेन में रखी 26 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 5,200 रुपये बताई गई है।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के साथ सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के मालीडिपा और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कोसमनारा चौक में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी बोले- अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपने आसपास अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की।











