रायगढ़ में परिवार के सामने युवक की जूते से पिटाई, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सिग्नल चौक पर पटाखे की चिंगारी को लेकर शुरू हुआ विवाद, अगले दिन घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप; घायल युवक ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
रायगढ़। शहर में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को उसके परिवार के सामने जूतों से पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान पीड़ित युवक पैर छूकर माफी मांगता भी दिखाई दे रहा है। घटना में युवक के सिर और कान के पास चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
पटाखे की चिंगारी को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दीपावली की रात की है। हंडी चौक अनाथालय रोड क्षेत्र में रहने वाला निमिश अग्रवाल अपने दोस्त के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी छिटकने को लेकर अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्षेस शुक्ला नाम के तीन युवकों से विवाद हो गया।
आरोप है कि तीनों ने निमिश और उसके दोस्त के साथ मारपीट की। इसके बाद अगले दिन तीनों युवक निमिश के घर पहुंच गए और उसके परिवार के सामने ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घर में घुसकर जूतों से पीटने का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जूतों से पीटा। परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव कर युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। वायरल वीडियो में युवक को पैर छूकर माफी मांगते हुए भी देखा जा सकता है।
मारपीट में निमिश के सिर और कान के पास गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। घटना के बाद वह उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा।
रिपोर्ट दर्ज कराने पर धमकी देने का आरोप
निमिश अग्रवाल का आरोप है कि अस्पताल से इलाज कराकर लौटने के बाद युवकों ने उसे पुलिस में शिकायत करने पर दोबारा मारपीट करने की धमकी दी। इसके बाद सोमवार रात वह कोतवाली थाना पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि पटाखे की चिंगारी को लेकर हुए विवाद के बाद पहले सिग्नल चौक पर मारपीट हुई और फिर अगले दिन तीनों युवक उसके घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
फिलहाल मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।























































