रायगढ़ में रेल सुविधाओं को लेकर ट्रेड यूनियन काउंसिल ने महाप्रबंधक से की चर्चा
ट्रेनों की लेटलतीफी, रेल टर्मिनल और यात्री सुविधाओं सहित कई मांगें रखीं
रायगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के रायगढ़ दौरे के दौरान ट्रेड यूनियन काउंसिल रायगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर शहर की रेल सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेनों की लेटलतीफी, यात्री सुविधाओं की कमी, चक्रधर नगर रेलवे फाटक और प्रस्तावित रेल टर्मिनल सहित कई मांगों पर ध्यान आकर्षित कराया।
ट्रेनों की लेटलतीफी पर जताई नाराजगी
काउंसिल के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह और सचिव श्याम जायसवाल ने कहा कि रायगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। प्रतिनिधियों के अनुसार, जनशताब्दी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी कई बार 2 से 3 घंटे तक विलंबित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
नि:शुल्क जनसुविधा उपलब्ध कराने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर पर्याप्त जनसुविधा केंद्र नहीं होने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि प्लेटफॉर्म स्थित प्रतीक्षालय में शौचालय सुविधा के लिए शुल्क लिया जा रहा है, जबकि सामान्य यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म के निचले हिस्से में नि:शुल्क जनसुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का आग्रह किया।
चक्रधर नगर रेलवे फाटक पर वैकल्पिक मार्ग की मांग
कलेक्ट्रेट और न्यायालय क्षेत्र के समीप स्थित चक्रधर नगर रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद रहने से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी महाप्रबंधक के सामने रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने यहां ओवरब्रिज या अंडरब्रिज जैसे वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की।
रेल टर्मिनल की मांग पर जोर
ट्रेड यूनियन काउंसिल ने रायगढ़ में रेल टर्मिनल की पुरानी मांग को भी प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि 14 सितंबर 1998 को रायगढ़ में रेल टर्मिनल की घोषणा की गई थी। टर्मिनल की मांग को लेकर हाल ही में प्रदर्शन के जरिए रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रायगढ़ में महाराजा चक्रधर रेल टर्मिनल बनने से शहर की कई रेल संबंधी समस्याओं के समाधान का रास्ता खुल सकता है। उन्होंने इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
प्रयागराज-विशाखापत्तनम ट्रेन को नियमित करने की मांग
प्रतिनिधियों ने रायगढ़ से प्रयागराज-विशाखापत्तनम के बीच शुरू की गई ट्रेन सेवा को स्थायी रूप से साप्ताहिक ट्रेन के रूप में संचालित करने की मांग की। इसके अलावा रायगढ़ से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का रायगढ़ में ठहराव देने की मांग भी रखी गई।
नर्मदा एक्सप्रेस और नई ट्रेनों की मांग
बैठक में नर्मदा एक्सप्रेस का परिचालन रायगढ़ से शुरू करने, कोरबा-रायगढ़ के बीच नई ट्रेन चलाने तथा रायगढ़-पुरी और रायगढ़-हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही गोंडवाना एक्सप्रेस में पेंट्री कार की सुविधा, रेलवे के विस्तार एवं निर्माण कार्यों के नाम पर यात्री ट्रेनों के बार-बार रद्द होने की समस्या सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे महाप्रबंधक से सभी मांगों पर उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई का आग्रह किया। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन के प्रयासों से रायगढ़ में लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।
प्रतिनिधिमंडल में ट्रेड यूनियन काउंसिल अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, सचिव श्याम जायसवाल, कोषाध्यक्ष सुनील मेघमाला, मदन पटेल, विष्णु यादव, वेद प्रकाश अजगल्ले, देवेंद्र साहू, कन्हैया पटेल, श्याम किशोर प्रधान तथा ‘लड़ेंगे रायगढ़, जीतेंगे रायगढ़’ के अध्यक्ष विनय शुक्ला शामिल रहे।
