रायगढ़ में विकास व निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण: समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे करने के निर्देश

रायगढ़। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की गति बढ़ाने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज, कैनाल लिंक रोड तथा गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट तक बन रही नई सड़क का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
600 सीटर नालंदा परिसर का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत नालंदा परिसर के निर्माण कार्य से की। उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए सिविल कार्य तेजी से पूरा करने और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। यहां लगभग 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी।
मरीन ड्राइव बैराज से जल उपलब्धता और कैनाल लिंक रोड से ट्रैफिक राहत
इसके बाद कलेक्टर ने मरीन ड्राइव में निर्माणाधीन बैराज का निरीक्षण किया और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस बैराज के बनने से नदी में जलस्तर स्थिर रखने में मदद मिलेगी तथा नागरिकों को निस्तार के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।
कलेक्टर ने नगर निगम द्वारा बन रही कैनाल लिंक रोड और चांदनी चौक के निर्माणाधीन अंडरपास का भी जायजा लिया तथा काम में तेजी लाने को कहा। अधोसंरचना मद से केवड़ाबाड़ी चौक को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाले इस मार्ग के शुरू होने से शहर के मध्य क्षेत्र में यातायात का दबाव घटेगा और सुभाष चौक क्षेत्र में आवागमन आसान होगा।
रेलवे स्टेशन के लिए मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट के पास तक निर्माणाधीन नवीन सड़क का भी अवलोकन किया। इस सड़क के तैयार होने से रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा, जिससे सुभाष चौक और गांधी प्रतिमा चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों, सब इंजीनियरों और ठेकेदारों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
