रायगढ़ में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, जंगल में मिला शव

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण का शव जंगल क्षेत्र में मिला, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

मामला कापू रेंज क्षेत्र का है।


जलाऊ लकड़ी लेने गया था जंगल

जानकारी के अनुसार ग्राम इंदकालो निवासी मालिकराम बंजारा शुक्रवार को जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गया था।

देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए।


सुबह जंगल में मिला शव

शनिवार सुबह अलोला बीट क्षेत्र के जंगल में एक ग्रामीण का शव पड़ा मिला।

शव की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने हाथी के हमले की आशंका जताई, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।


वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

विभागीय स्तर पर आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के अनुसार कापू रेंज और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की गतिविधियां देखी जा रही हैं।

ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से जंगल नहीं जाने की सलाह दी जा रही थी।


धरमजयगढ़ क्षेत्र में 135 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में वर्तमान में 135 हाथियों का दल विचरण कर रहा है।

इनमें नर, मादा और शावक हाथी शामिल हैं, जिनकी गतिविधियों पर विभाग लगातार नजर रख रहा है।

Back to top button