रायगढ़ में 17.9 टन स्क्रैप जब्त, दो माजदा वाहन भी पकड़े गए

पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक; कुल 26.26 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 4 अक्टूबर 2026। अवैध कबाड़ के परिवहन और खरीदी-बिक्री पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम देलारी में दो माजदा वाहनों से करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त कबाड़ और दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 26.26 लाख रुपये है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई।

रायगढ़ इस्पात के पास वाहनों को रोका

पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माजदा वाहनों के जरिए कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोका और उनकी जांच की।

पहले वाहन क्रमांक CG07CC0311 से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का स्क्रैप बरामद किया गया। इसका वजन करीब 9 टन 690 किलो और अनुमानित कीमत 3.39 लाख रुपये बताई गई है।

दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 से करीब 8 टन 210 किलो स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.87 लाख रुपये बताई गई है।

दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों चालक स्क्रैप के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों और उनमें लदे स्क्रैप को जब्त कर लिया।

पुलिस के मुताबिक कुल 17.9 टन कबाड़, जिसकी कीमत करीब 6.26 लाख रुपये, तथा लगभग 20 लाख रुपये कीमत के दो माजदा वाहन जब्त किए गए हैं।

दोनों चालकों पर वैधानिक कार्रवाई

मामले में पुलिस ने दोनों वाहन चालकों के खिलाफ अलग-अलग इस्तगासा दर्ज कर धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में पकड़े गए व्यक्तियों में लालमणी गणतिया, निवासी बलांगिर, ओडिशा और मो. अपरार, निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

अवैध कबाड़ के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कबाड़ के अवैध परिवहन और अवैध खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button