रायगढ़ : रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 47 लाख ट्रांसफर करने का आरोप, परिचित युवक गिरफ्तार

करीब 6 साल तक बैंकिंग काम में मदद के नाम पर बना रहा विश्वासपात्र, पुलिस के मुताबिक रकम ऑनलाइन गेमिंग में खर्च की

रायगढ़, 7 अक्टूबर 2026। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से करीब 47.05 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़ित का परिचित था और लंबे समय से उसके बैंक संबंधी कामों में मदद करता था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पीड़ित के खाते से रकम अपने विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की।

पुलिस ने आरोपी छत्रपाल सिदार (34), निवासी कांटाहरदी, थाना कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सेवानिवृत्ति के बाद खाते में जमा हुई थी बड़ी रकम

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता रघुनाथ सिदार (64) शिक्षा विभाग से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2020 से छत्रपाल सिदार उनके संपर्क में था और बैंक से जुड़े कामों में सहयोग करता था। बताया गया कि आरोपी चेकबुक के माध्यम से राशि आहरित कराने के लिए उनके साथ बैंक जाता था और धीरे-धीरे परिवार के विश्वासपात्र व्यक्ति के रूप में घर भी आने-जाने लगा।

सेवानिवृत्ति के बाद शिक्षक के एसबीआई कोतरारोड़ स्थित खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य देय राशि जमा हुई थी।

मकान के लिए जमीन खरीदने पहुंचे तो सामने आया मामला

पुलिस के मुताबिक मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से बैंक पहुंचे रघुनाथ सिदार ने जब अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब उन्हें खाते से बड़ी रकम के ट्रांसफर होने की जानकारी मिली।

जांच में जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच कुल ₹47,05,000 अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। इनमें ग्रामीण बैंक, IDBI बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों के खाते शामिल बताए गए हैं।

इसके बाद पीड़ित ने कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में आरोपी ने रकम ट्रांसफर करना स्वीकार किया: पुलिस

पुलिस के अनुसार शिकायत पर 5 अक्टूबर 2026 को थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत धारा 318(4) BNS में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़ित के खाते से रकम अपने अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रकम HDFC बैंक, SBI, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक के खातों में ट्रांसफर की थी।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने ट्रांसफर की गई रकम को ऑनलाइन गेमिंग में खर्च करने की बात भी बताई है।

बैंक खाते, एटीएम और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी से संबंधित बैंक खातों की जानकारी, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अब बैंकिंग लेन-देन और रकम के ट्रांसफर से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से की बैंकिंग सुरक्षा की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपने बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल फोन और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैंक खाते में होने वाले प्रत्येक लेन-देन की नियमित रूप से जांच करनी चाहिए और किसी भी अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एएसआई मन मोहन बैरागी, आरक्षक शुभम तिवारी एवं पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

Back to top button