खरसिया में सड़क और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, IG रामगोपाल गर्ग ने हेलमेट पहनकर दिया संदेश
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और रायगढ़ पुलिस की पहल, हजारों नागरिकों ने लिया सुरक्षा का संकल्प
खरसिया। हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और रायगढ़ जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में खरसिया में सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
अग्रसेन चौक पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
साइबर सुरक्षा और सड़क नियमों का दिया संदेश
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने व्यक्तिगत और डिजिटल डेटा की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का भी संदेश दिया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर जागरूकता आज हर नागरिक के लिए जरूरी है। इसी तरह सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट का इस्तेमाल और यातायात नियमों का पालन आवश्यक है। उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।
आईजी ने खुद बाइक चलाकर दिया हेलमेट का संदेश
कार्यक्रम के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद राहगीरों को हेलमेट वितरित किए गए। आईजी स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक रैली में शामिल हुए और बाइक चलाकर लोगों को हेलमेट के उपयोग एवं सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
अखंड राम सप्ताह में बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां
इसके बाद आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी शशिमोहन सिंह खरसिया के गंज बाजार स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां करीब 134 वर्षों से आयोजित हो रहे अखंड राम सप्ताह में उन्होंने पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भजनों पर नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आईजी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं और बच्चों की भागीदारी को सकारात्मक बताया।
उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिव तांडव की प्रस्तुति देने वाली रूही अग्रवाल की भी उन्होंने सराहना की।
पुलिस अधिकारियों और संस्था के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीएसपी उत्तम सिंह, एसडीओपी सतीश भार्गव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, बंटी सोनी, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल सहित हिमांशु अग्रवाल, राजेश अग्रवाल घंसू, राजेंद्र अग्रवाल नूतन, हनुमान अग्रवाल, विनय कबूलपुरिया, रतन अग्रवाल, बाऊ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, साहिल सारथी, हर्ष शर्मा, संजय कंकरवाल, महिला विंग अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता समेत संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
