रायगढ़ रेलवे स्टेशन से 8.160 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रायगढ़ ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए ओडिशा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से महाराष्ट्र जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उसके कब्जे से 8.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार, रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नीले रंग के बैग में गांजा लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बिनोद बाघ (27 वर्ष) निवासी बनबहाल, ओडिशा बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग पैकेटों में कुल 8.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर महाराष्ट्र के अकोला जा रहा था। उसके पास से अकोला तक का रेल टिकट भी बरामद किया गया है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी बी.आर. बोर्झा ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें उसके पहले भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से होने वाली नशा तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


