रायगढ़: 100 दिन बाद घर लौटे रामदास महंत, सोशल मीडिया की सूचना पर प्रशासन ने कराई सकुशल वापसी

राजस्थान से सुरक्षित लौट रहे पुसौर के युवक, प्रशासन और ग्रामीणों के समन्वय से परिवार से होगा भावुक मिलन

रायगढ़। पुसौर विकासखंड के ग्राम पुटकापुरी निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ रामदास महंत की लगभग 100 दिन बाद सकुशल घर वापसी हो रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान में उनके होने की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की।

जानकारी के अनुसार, रामदास महंत करीब 100 दिन पहले घर से लापता हो गए थे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए उनके राजस्थान के सिरोही जिले में होने की सूचना मिली। कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस ने राजस्थान स्थित मानव सेवा आश्रम से संपर्क किया, जहां उनकी सुरक्षित मौजूदगी की पुष्टि हुई।

प्रशासन ने कराई घर वापसी की व्यवस्था

सूचना की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने रामदास महंत की घर वापसी के लिए तत्काल आवश्यक व्यवस्था की। ग्राम पुटकापुरी के कोटवार टिकस महंत और जीतेश महंत को राजस्थान भेजा गया। प्रशासन ने यात्रा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई तथा रेल आरक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की। 30 जून को रामदास महंत को राजस्थान से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना किया गया और अब वे सकुशल अपने गांव लौट रहे हैं।

ग्रामीणों ने निभाई अहम भूमिका

ग्राम पंचायत पुटकापुरी के सरपंच रमाकांत पटेल ने बताया कि रामदास की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे घर से चले गए थे। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद भी प्रारंभ में परिवार का कोई सदस्य उन्हें लेने नहीं जा सका। ऐसे में ग्रामीणों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई और जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से उनकी घर वापसी सुनिश्चित कराई।

प्रशासन ने इस कार्य के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। इस अभियान में लक्ष्मीकांत पटेल, मनोज गोयल, जीवन पटेल, जय पटेल, धुराउ महंत, विशंभर महंत सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।

Back to top button