रायगढ़: DMF कार्यों में लापरवाही पर ठेकेदार और इंजीनियर पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
रायगढ़। जिले में जिला खनिज न्यास (DMF) के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी मिलने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में DMF के कार्यों में लापरवाही की जानकारी मिलने पर संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
DMF के कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि DMF के अंतर्गत स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। गुणवत्ता में कमी या किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक में तेजी लाने पर जोर
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) और एग्रीस्टैक की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक सुझावों से समय पर अवगत कराया जाए, ताकि उनका निराकरण शासन स्तर पर कराया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकान जल्द पूरे करने के निर्देश
बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन हितग्राहियों के खातों में आवास निर्माण की राशि जारी हो चुकी है, लेकिन वे निर्माण कराने के इच्छुक नहीं हैं, उनके मामलों में नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई की जाए।
पहाड़ी कोरवा परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चल रहे सर्वे की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे के माध्यम से योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान की जाए। उनकी जरूरतों का आकलन कर संबंधित विभागों के समन्वय से पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए।
एयरपोर्ट, रिंग रोड और आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा
कलेक्टर ने जिले में एयरपोर्ट और रिंग रोड निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधूरे आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने को कहा।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों और लंबित बिलों के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
बैठक में ऑरेंज एरिया सर्वे, आदर्श ग्राम योजना, पशुओं के बधियाकरण, श्रम विभाग की योजनाओं में पंजीयन, स्कूलों में बायोमेट्रिक अपडेट, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन, ई-रिक्शा चालक प्रशिक्षण और धान विक्रय के लिए किसानों के पंजीयन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियका वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
