रायपुर : अमित जोगी के फरार होने की खबरों को पार्टी ने बताया भ्रामक, 9 नवंबर को थाने में होंगे पेश
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के फरार होने की चर्चाओं पर पार्टी ने सफाई दी है। पार्टी का कहना है कि अमित जोगी किसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए प्रदेश से बाहर नहीं गए हैं, बल्कि 2 से 8 नवंबर तक उनका पहले से निर्धारित निजी कार्यक्रम है। वे 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद स्वयं थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखेंगे और पुलिस जांच में सहयोग करेंगे।
संगठन महामंत्री ने पुलिस को सौंपा अमित जोगी का पक्ष
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बुधवार को संबंधित थाना प्रभारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमित जोगी की ओर से ईमेल के माध्यम से भेजा गया जवाब पुलिस के सामने रखा। पार्टी की ओर से बताया गया कि अमित जोगी फिलहाल प्रदेश से बाहर हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 नवंबर को लौटने के बाद थाने में उपस्थित होंगे।
पार्टी ने आरोप लगाया कि उनके निजी कार्यक्रम को दर्ज प्राथमिकी से जोड़कर फरार होने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जो सही नहीं हैं। संगठन ने कानून के प्रति सम्मान और न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास जताया है।
भाजपा की शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पूरा विवाद अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सांकेतिक रूप से शादी और हनीमून के दृश्यों में दिखाया गया था। इस प्रस्तुति पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए इसे प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान बताया।
इसके विरोध में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। विधायक राजेश मूणत ने वीडियो में दिखाए गए बेडरूम दृश्यों पर आपत्ति जताई और इसके निर्माण से जुड़े लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की।
BNS और आईटी एक्ट की धाराओं में जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। प्राथमिकी में अमित जोगी सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं।
भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की थी। अब अमित जोगी के 9 नवंबर को थाने पहुंचने के पार्टी के आश्वासन के बाद मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई पर नजर रहेगी।


