रायपुर पुलिस ने पंजाब से जुड़े अंतर्राज्यीय हेरोइन सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 24 मई 2026। रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से संचालित हो रहे अंतर्राज्यीय हेरोइन सिंडिकेट का खुलासा किया है। कबीर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 56.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि बीएसयूपी कॉलोनी जरीवाय इलाके में एक युवक और महिला नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने पंजाब निवासी चरणजीत सिंह उर्फ सोनू का नाम उजागर किया, जो रायपुर में हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया गया।


सोनडोंगरी तालाब इलाके से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि चरणजीत सिंह एक और खेप लेकर रायपुर पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही कबीर नगर पुलिस ने सोनडोंगरी तालाब इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से 47 ग्राम हेरोइन और मोबाइल फोन जब्त किया है।


पहले भी कई मामलों में शामिल रहा आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चरणजीत सिंह पहले भी कई एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है। उस पर करीब 400 ग्राम हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में फरार रहने का आरोप है। इससे पहले आमानाका थाना क्षेत्र में भी उसे 150 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था।

जमानत मिलने के बाद भी आरोपी नशे के कारोबार में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार उसका भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी भी हेरोइन तस्करी में शामिल है और फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।


पूरी सप्लाई चेन तोड़ने की तैयारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति के तहत की गई है। खुदरा स्तर से लेकर मुख्य सप्लायर तक की सभी कड़ियों को चिन्हित किया जा रहा है।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार गठन के बाद वेस्ट जोन में एनडीपीएस एक्ट के 44 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और अब तक 83 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस अब आर्थिक जांच के जरिए नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी में है।

Back to top button