बिलासपुर में गांजा बेचते महिला गिरफ्तार, 1.2 किलो गांजा जब्त

बिलासपुर, 24 मई 2026। बिलासपुर जिले की सकरी थाना पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.200 किलोग्राम गांजा और नगदी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।


गांजा बेचते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सकरी क्षेत्र के बजरंगपारा इलाके में एक महिला गांजा बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी करुणा वर्मा (22 वर्ष), निवासी शांति नगर सकरी को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से 1.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 300 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।


एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

सकरी पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


बीट सिस्टम से मिल रही अहम सूचनाएं

एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले में अपराध नियंत्रण और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बीट सिस्टम लागू किया है। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था के बाद से पुलिस को लगातार अवैध शराब और नशे के कारोबार से जुड़ी सूचनाएं मिल रही हैं, जिसके आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button