राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को सम्मानित
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा
11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मिलेगा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का राष्ट्रीय पुरस्कार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल
रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित इन तीनों शहरों को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित करेंगी। प्रदेश के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में भी इन तीनों नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल किया था।
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह बुधवार को सुबह 11:30 बजे से विज्ञान भवन में होगा। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी शामिल होंगे।
सफाई मित्रों की मेहनत ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन होना नगरीय स्वच्छता व्यवस्था और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के रूप में देखा जा रहा है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक सहभागिता और नागरिक कर्तव्य के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
इन शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लगातार प्रयासों और नागरिक सहभागिता के परिणामस्वरूप रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है।
लगातार दूसरे स्वच्छ सर्वेक्षण में तीनों नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना जाना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। अब 11 नवंबर को राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त कर प्रदेश के ये तीनों शहर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि को एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर दर्ज कराएंगे।























































