लखनऊ में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, कोचिंग में फंसे छात्र; बचने के लिए पहली मंजिल से कूदा युवक गंभीर

लखनऊ।

[img-slider id="274450"]
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय भवन की दूसरी मंजिल पर संचालित कोचिंग और लाइब्रेरी में कई छात्र मौजूद थे, जिनमें से कई अंदर फंस गए। बचाव के प्रयास में एक छात्र पहली मंजिल से कूद गया, लेकिन नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की भी मदद ली जा रही है। फायर कर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग लगने के दौरान इमारत के भीतर लगभग 10 से 12 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और राहत कार्य लगातार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए 14 एम्बुलेंस भी मौके पर बुलाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार भवन के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरी मंजिल पर लर्निंग स्पेस नामक लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर तथा हेड हॉपर स्टूडियो संचालित था, जहां 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता था।

घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। आलमबाग निवासी प्रभजोत सिंह ने बताया कि उनका बेटा उक्त स्टूडियो में एनिमेशन आर्टिस्ट के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि दोपहर करीब सवा दो बजे बेटे का फोन आया था, जिसमें उसने बताया कि इमारत में आग लग गई है और उसे बचाने की गुहार लगाई थी। घटना स्थल पर पहुंचने के बाद भी उनका बेटा अभी तक नहीं मिला है।

फिलहाल बचाव दल आग पर नियंत्रण और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button