रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रविवार शाम एक यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि मामले में अब तक किसी भी पक्ष द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अथवा जीआरपी में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4 बजे चर्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 17007) रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा। पानी को लेकर कैंटीन कर्मचारी और यात्री के बीच किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे से उलझ गए।
घटना का लगभग 33 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों व्यक्तियों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। इस दौरान एक व्यक्ति दूसरे को प्लेटफॉर्म पर पटकते हुए भी नजर आता है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक जवान भी दिखाई दे रहा है, जो सीटी बजाकर दोनों पक्षों को अलग करने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करता नजर आ रहा है।
आरपीएफ प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत नहीं मिलने के कारण मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल शिकायत के अभाव में मामले में कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है।



