लवन महाविद्यालय में जनजातीय संस्कृति पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय महाविद्यालय लवन के समाजशास्त्र विभाग द्वारा जनजातीय गौरव सप्ताह के तारतम्य में ‘छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति’ विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक संरचना, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना तथा उनमें रचनात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक चेतना विकसित करना था।
 महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य यशवंत राज महिलाने के मार्गदर्शन में यह आयोजन सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की विभिन्न जनजातियों के जीवन, संस्कृति एवं परंपराओं को पोस्टरों के माध्यम से आकर्षक और रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टरों में गोंड एवं बैगा जनजातियों की सांस्कृतिक विशेषताओं, बस्तर की जनजातीय परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा एवं आभूषण, लोकनृत्य, लोकगीत, घोटुल युवा गृह, जनजातीय कला एवं शिल्प, पारंपरिक आर्थिक गतिविधियों तथा जनजातीय समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक व्यवस्था जैसे विविध विषयों को स्थान दिया गया। विद्यार्थियों ने चित्रांकन, रंगों, पारंपरिक प्रतीकों एवं सूचनात्मक विवरणों के माध्यम से जनजातीय जीवन के विभिन्न पक्षों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में इतिहास विभाग से श्री डी.के. हिरवानी, राजनीति विज्ञान विभाग से श्रीमती तुलसी पैकरा, वनस्पति विज्ञान विभाग से सुश्री हरकुमारी पटेल तथा समाजशास्त्र विभाग के अतिथि प्राध्यापक श्श्रवण कृष्ण अग्रवाल शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा विषय की समझ एवं प्रासंगिकता, रचनात्मकता एवं मौलिकता, चित्रांकन एवं प्रस्तुतीकरण, सांस्कृतिक जानकारी एवं संदेश तथा पोस्टर की स्वच्छता एवं समग्र आकर्षण जैसे निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रतिभागियों के पोस्टरों का मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में बी.ए. पंचम सेमेस्टर की कुसुमलता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. पंचम सेमेस्टर की हितेश्वरी वर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के भेषज वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज को केवल सांस्कृतिक पहचान के रूप में नहीं, बल्कि उसकी सामाजिक व्यवस्था, पारंपरिक ज्ञान, प्रकृति के साथ संबंध, आर्थिक गतिविधियों एवं सामुदायिक जीवन के व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझने का अवसर मिला। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान को रचनात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधि से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।
Back to top button