पांच साल तक पुलिस को चकमा देते रहे हत्या के प्रयास के तीन आरोपी, आखिरकार मल्हार पुलिस के शिकंजे में!

सिरगिट्टी में गोपनीय सूचना पर घेराबंदी कर दबोचे गए तीनों आरोपी, वर्ष 2018 के चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी हुई तामिली

अनिल शुक्ला की रिपोर्ट

बिलासपुर। हत्या के प्रयास और बलवा जैसे गंभीर अपराध में पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को आखिरकार मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहे आरोपियों को पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दबोचा। पुलिस की इस कार्रवाई में एक और अहम बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे, जिनकी तामिली भी की गई।

पुलिस के अनुसार, मामला 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में हुई मारपीट और बलवा की घटना से जुड़ा है। आरोप है कि ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों पर हत्या की नीयत से हमला किया था। घटना में गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे। पुलिस की लगातार पतासाजी के बावजूद वे अपने ठिकाने बदलते रहे और पांच साल तक कानून की पकड़ से बाहर रहे। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना ने उनकी फरारी का अंत कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी मल्हार की विशेष टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे (55 वर्ष), उसका पुत्र लव कुर्रे (30 वर्ष) तथा राजेश कुर्रे, सभी निवासी ग्राम बिनेका शामिल हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके विरुद्ध लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

पांच साल की फरारी और चार स्थाई वारंटों का लंबित रहना पुलिस के लिए भी चुनौती रहा। अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुराने मामलों में भी कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ है।

Back to top button