
वार्ड 27उपचुनाव संपन्न, महिलाओं ने किया सबसे ज्यादा वोट तीन प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर निर्दलीय बिगाड़ सकता है समीकरण
रायगढ़। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 27 के उपचुनाव संपन्न हो गए। इस उपचुनाव में महिलाओ ने जहां बढ़चढ़कर हिस्सा लिया वहीं पुरुष मतदाताओं ने ठंड के कारण घरों से निकलना गंवारा नही किया। जिसके कारण इनके कम वोट पड़े। हालांकि मतदान का प्रतिशत भी ज्यादा नहीं रहा। इस चुनाव में तीन प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर थी जिससे चुनाव रोमांचक हो गया था। अब 12 जनवरी को मतगणना की जायेगी।
सरकारी आंकड़ों आई अनुसार वार्ड के उपचुनाव में 3154 में से 1739 वोट पड़े जो प्रतिशत के हिसाब से 55.16 प्रतिशत ठहरता है। इस चुनाव में जहां 889 महिलाओं ने वोट डाले वहीं पुरुषों की संख्या 850 थी। मत प्रतिशत के हिसाब से जहां महिलाओं के मत प्रतिशत 56.73 था वहीं पुरुषों का मत प्रतिशत 53.59 रहा। 5 बजे के बाद मतदान के लिए दरवाजे बंद कर दिए गए थे।
इस चुनाव में 5 प्रत्याशी थे जिसमे कांग्रेस, भाजपा, जनता कांग्रेस, बसपा तथा एक निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल थी। हालांकि पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। कल रात में विवाद जरूर हुआ और कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस की गर्मागर्म बहस भी हो गई थी लेकिन बाद में सब कुछ शांत रहा। मतदान केंद्र पर एक साथ सभी प्रत्याशी खड़े थे और वोट डालने की अपील कर रहे थे।
यहां मुख्यताः तीन प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर होने की बात कही जा रही है। एक तरफ जहां भाजपा के सरिता राजेंद्र ठाकुर है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के रानी अशोक सोनी जोर आजमाइश कर रही थी। इन्हीं दोनों के बीच अचानक निर्दलीय प्रत्याशी योगेश्वरी कुर्रे ने भी एंट्री ली और मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया। निर्दलीय प्रत्याशी को भरत दुबे ने खुलकर समर्थन किया था।