वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 08 मई 2026: रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत लंबे समय से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर करीब 6 लाख 93 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है।


आरटीओ एजेंट बनकर की ठगी

मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार नागवानी ने पुलिस को बताया था कि वह वाहन खरीदी-बिक्री का काम करता है। उसने वर्ष 2021 में अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से कई वाहन खरीदे थे।

इसी दौरान जगदलपुर निवासी अजय कुमार पिल्लई और उसके साथी ने खुद को आरटीओ एजेंट बताकर वाहन पंजीयन कराने का भरोसा दिया और अलग-अलग किश्तों में पैसे लिए।


दूसरों के नाम पर निकला रजिस्ट्रेशन

शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ वाहनों के दस्तावेज दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन उसके नाम पर पंजीकृत नहीं होकर अन्य लोगों के नाम पर दर्ज किए गए थे। इसके बाद पूरे मामले में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।


दो चेक दिए, एक हुआ बाउंस

शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें से एक चेक बाउंस हो गया, जबकि दूसरे में गलत जानकारी पाई गई। पुलिस के अनुसार इससे आरोपी की धोखाधड़ी की मंशा स्पष्ट हुई।


जगदलपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसका लोकेशन ट्रेस किया और जगदलपुर में दबिश देकर आरोपी अजय कुमार पिल्लई को गिरफ्तार कर लिया।


ऑपरेशन तलाश के तहत लगातार कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार ऑपरेशन तलाश अभियान चला रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button