वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार सुबह शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन तथा कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रायगढ़ को मॉडल शहर बनाने का लक्ष्य

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, व्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण संरक्षण, जल संरचना और शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद रायगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव

प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन मरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट एवं डायवर्सन निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीन ड्राइव परियोजना को हर हाल में नवंबर तक पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि यह भविष्य में रायगढ़ शहर की नई पहचान बनेगी और नागरिकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र साबित होगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया आईएसबीटी

अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) के निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने बताया कि इस परियोजना का निर्माण आगामी 40 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। यहां एक समय में 30 बसों के संचालन की सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि 40 अतिरिक्त बसों के लिए भी पर्याप्त पार्किंग और स्थान की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए अलग वर्कशॉप विकसित की जा रही है। वहीं यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक साथ लगभग 550 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया। लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट को उन्होंने शहर के पर्यावरण संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑक्सीजोन में नागरिकों की सुविधा के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग यहां पहुंच सकें और इस हरित परियोजना का लाभ उठा सकें।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने सभी निर्माण एजेंसियों और विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Back to top button