शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद किया, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई

कोंडागांव। कोंडागांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2025 को केशकाल थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 6 सितंबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से दिल्ली तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 30 जून को दिल्ली पहुंचकर पीड़िता को सकुशल बरामद किया। जांच में आरोपी की पहचान पंकज शर्मा (25), निवासी राम गंगा कॉलोनी, सेक्टर-7, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

शादी का झांसा देकर करता रहा शोषण

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल फोन के माध्यम से नाबालिग से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे बरेली बुला लिया। इसके बाद वह उसे अपने घर तथा दिल्ली के सुल्तानपुरी स्थित किराए के मकान में रखकर लगातार दुष्कर्म करता रहा।

पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, सहायक उपनिरीक्षक हेमंत देवांगन, साइबर आरक्षक मनोज मरकाम और महिला आरक्षक अहिल्या यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button