शादी का दबाव बना रही थी युवती, नाबालिग प्रेमी ने पत्थर से हत्या कर रेत में दफनाया शव
महासमुंद।
जन्मदिन की रात घर से निकली थी युवती
पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय युवती ने 19 जून को अपना जन्मदिन मनाया था। उसी रात वह घर से कपड़े और अन्य सामान लेकर निकली थी। अगले दिन परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 22 जून को गांव के पास एक नाले की रेत में दबा उसका शव बरामद हुआ।
जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग
पुलिस जांच में पता चला कि युवती और नाबालिग एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया, जहां उसने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार किया।
शादी का भरोसा देकर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा देकर मिलने के लिए बुलाया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों मिलने के बाद कुछ समय साथ रहे। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से युवती से आंखें बंद करने को कहा और भारी पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव रेत में दबाकर भागा
वारदात के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने की नीयत से शव को नाले की रेत में दफना दिया। घटनास्थल से युवती का बैग, लेगिंग्स, बालों के गुच्छे सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाएगा।



