शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव
नेतनगर, रायगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला नेतनागर, विकासखंड पुसौर में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पर्यावरण क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र शर्मा रहे।
शाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पालकों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानपाठक सिदार, नव निर्माण संकल्प समिति के सचिव दीपक मंडल, वर्तमान प्रधानपाठक सुमन प्रधान, संकुल समन्वय अर्जुन पंडा, शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष परमानंद साव सहित समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता और विद्यालय से जुड़ाव का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि रामचंद्र शर्मा ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण दोनों ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम को यादगार बनाते हुए रामचंद्र शर्मा ने विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज की व्यवस्था कराई। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय को खेल सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
शाला परिवार एवं ग्रामीणों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी प्रयास बताया।



