श्री रामलला दर्शन तीर्थ योजना : बेमेतरा से 63 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या रवाना
* जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर*
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन तीर्थ योजना के तहत जिले से 63 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर परिसर से नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बस रवाना होने से पूर्व पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से भक्तिमय हो गया। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और आस्था का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि श्री रामलला दर्शन तीर्थ योजना आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा को जन-जन से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना से प्रदेश के रामभक्तों को अयोध्या धाम जाकर श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है, जो प्रत्येक रामभक्त के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतार रही है और श्री रामलला दर्शन योजना मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में एक सार्थक कदम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था को नई ऊर्जा मिली है।
श्री सिन्हा ने सभी श्रद्धालुओं को सुखद, मंगलमय और सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कामना कि वे अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करें।
इस अवसर पर नगर पालिका सभापति श्रीमती नीतू कोठारी, श्रम विभाग के अधिकारी बी. बेग, वैभव तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।



