सारंगढ़-बिलाईगढ़ : भटगांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, चालक फरार
भटगांव। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव नगर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ पवनी गांव से सरायपाली लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे दंपती
मृतका की पहचान बूंद कुंवर साहू (50 वर्ष), पति सेवक राम साहू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दंपती पवनी गांव में एक रिश्तेदार के यहां आए थे। सोमवार को दोनों स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 06 GG 2453 से अपने घर सरायपाली लौट रहे थे।
इसी दौरान भटगांव नगर में एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक लेकर भागा चालक
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
भटगांव थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।


