सीमा पर तैनात जवानों के लिए छात्राओं ने भेजे रक्षा सूत्र
किरंदुल। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमशिला मिश्रा के नेतृत्व में रजनी सोनी, सरस्वती दरिया, ममता पासवान, पिंकी नाग एवं सविता पाल ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के लिए स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं से रक्षा सूत्र (राखियां) एकत्र कर उन्हें भेजा।
इस अभियान के तहत शासकीय कोडीनार बंगाली कैंप स्कूल, शासकीय हाई स्कूल कोडीनार किरंदुल तथा शासकीय उच्च विद्यालय विद्यानगर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्षा सूत्र बनाकर एवं भेंट कर देश के वीर जवानों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि देश के सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बहनों का स्नेह और शुभकामनाएं उन तक पहुंचाना गर्व और सम्मान की बात है। इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, सैनिकों के प्रति सम्मान तथा सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन एवं राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण को नमन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


