सुकमा में नक्सलियों की साजिश नाकाम, जंगल से बोल्ट एक्शन रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद

सुकमा, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल करते हुए जंगल से एक बोल्ट एक्शन रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई भेज्जी थाना क्षेत्र के बोदराजपदर जंगल में की गई।

जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के जवान डीआईजी राजेश पांडेय और कमांडेंट प्रेमजीत सिंह के निर्देश पर नक्सल विरोधी अभियान के तहत क्षेत्र में सर्चिंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जवानों ने जंगल में गहन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई एक बोल्ट एक्शन रायफल तथा 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में भी सघन सर्च अभियान चलाया, ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों या छिपाकर रखे गए हथियारों का पता लगाया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियार और कारतूस का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले के लिए किया जा सकता था। समय रहते इन्हें बरामद कर संभावित साजिश को विफल कर दिया गया।

पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Back to top button