सूरजपुर में दर्दनाक हादसा : हाथी के हमले से बाइक सवार की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर 7 घंटे तक चला चक्काजाम

सूरजपुर: जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के सिंघरी गांव में बीती शाम दल से बिछड़े एक हाथी ने दो बाइक सवारों पर अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

7 घंटे तक चला चक्काजाम और प्रदर्शन

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय और सुरक्षा की मांग को लेकर बनारस मार्ग पर पोड़ी चौक के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब 7 से 8 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें थीं:

  • मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
  • परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
  • क्षेत्र में हाथियों के आतंक से बचाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

प्रशासन की समझाइश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थाना-चौकी से पुलिस बल भी तैनात किया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से लंबी बातचीत कर उनकी सभी मांगें सुनीं। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के आश्वासन के बाद आखिरकार ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद बनारस मार्ग पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया।

Back to top button