क्राइमछत्तीसगढ़रायगढ़

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को कोतरारोड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार,

आपकी आवाज रायगढ़ छत्तीसगढ़


रायगढ़, 15 जून 2025 — रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और विशेष वर्गों को लेकर की गई आपत्तिजनक व जातिसूचक टिप्पणी एक युवक को भारी पड़ गई। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने आरोपी दीपांशु सिंह राजपूत (20 वर्ष), निवासी रीवा (मध्यप्रदेश), वर्तमान पता भगवानपुर, रायगढ़ (किराये का मकान) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस संबंध में शिकायत भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार महेश द्वारा कोतरारोड़ थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से डॉ. अंबेडकर और अनुसूचित वर्गों के विरुद्ध आपत्तिजनक, अशोभनीय और जातिगत टिप्पणी की थी, जो सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर साक्ष्य एकत्र कर त्वरित कार्रवाई की। आरोपी को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया और पूछताछ में उसने आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 351(1), 352(2) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(a) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।

इस कार्यवाही में निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी एवं उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की प्रमुख भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश:
सोशल मीडिया पर जातीय, धार्मिक या सामाजिक विद्वेष फैलाने वाली किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ऐसी घृणास्पद टिप्पणियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि समाज में शांति, सौहार्द और समरसता बनी रहे।


Show More
Bhimsen Tiwari

Bhimsen Tiwari

Editor-in-Chief

भीमसेन तिवारी पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता, प्रिंट मीडिया और विज्ञापन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। समाचार संकलन, संपादन और रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखने वाले भीमसेन तिवारी तथ्यात्मक, निष्पक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के पक्षधर हैं। वर्तमान में वे 'आपकी आवाज़' (aapkiaawaz.net) के...

Back to top button