स्कूल से घर लौटते समय नदी में बह गए तीन बच्चे, घंटों चले रेस्क्यू के बाद तीनों के शव बरामद; गांव में पसरा मातम
तखतपुर, 23 अगस्त 2026। ग्राम पंचायत समडील में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार तलाश के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम समडील निवासी अनमोल जायसवाल (7), स्तुति जायसवाल (9) और शिक्षा जायसवाल (8) शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक पानी का तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। सुबह से लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले अनमोल जायसवाल का शव नदी में पुल के नीचे से बरामद किया गया। इसके बाद स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला। सर्च ऑपरेशन जारी रहने के दौरान शिक्षा जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया गया।
तीनों बच्चों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तखतपुर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।











