
स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर महिला से 70 हजार की साइबर ठगी
बिलासपुर, 12 मई 2026: बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां ठग ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर महिला से लगभग 70 हजार रुपये की ठगी कर ली।
मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्मार्ट मीटर लगाने का दिया झांसा
जानकारी के अनुसार बजरंग नगर आवासपारा सिरगिट्टी निवासी सरस्वती देवी का पंजाब नेशनल बैंक की सिरगिट्टी शाखा में खाता है।
पीड़िता ने बताया कि 17 मार्च को उनके बेटे के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि नया स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के लिए 13 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना होगा।
एटीएम के अंतिम चार अंक पूछकर की ठगी
ठग ने बातचीत के दौरान परिवार को भरोसे में लिया और एटीएम कार्ड के अंतिम चार अंक पूछ लिए। परिवार को यह सामान्य प्रक्रिया लगी, इसलिए जानकारी दे दी गई।
इसके बाद ठग ने महिला के बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 69 हजार 998 रुपये निकाल लिए।
बैंक स्टेटमेंट से हुआ खुलासा
पीड़िता को घटना के समय किसी प्रकार का मैसेज नहीं मिला। बाद में 8 मई को बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली।
राशि निकाले जाने की जानकारी मिलते ही महिला और उनका परिवार परेशान हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अब कॉल करने वाले और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।


